Bihar BJP Teachers protest LIVE : सरकार के खिलाफ BJP का हल्लाबोल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी दागे

ताज़ा खबर बिहार राजनीति
SHARE

Bihar BJP Teachers protest LIVE : पटना के डाकबंगला चौराहे पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई है। इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर ही धरना पर बैठ गए हैं।इससे पहले भाजपा नेता 11 बजे गांधी मैदान में एकजुट हुए। यहां से जेपी गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचे। भाजपा नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग करने लगे। यहां पहले से तैनात पटना पुलिस ने पहले भाजपा नेताओं को पीछे हटने कहा। लेकिन, भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। आंसू गैस के गोले भी दागे गए। 

इधर बिहार विधानसभा में गुरुवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला है। शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाए जाने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार हो गई। बीजेपी के सदस्यों ने वेल में पहुंचकर सरकार को घेरा और प्रदर्शन किया, जिसके बाद बीजेपी के दो विधायकों को विधानसभा से मार्शल आउट कर दिया गया। बाद में रैली निकाल रहे विधायकों और नेताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

स्पीकर के निर्देश पर बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा और शैलेंद्र को सदन से बाहर निकाला गया। दोनों विधायकों को खींचकर मार्शल बाहर ले गए। दोनों ने स्पीकर पर सत्ता पक्ष के लिए एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बाद में बीजेपी के तमाम विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विधानसभा से वॉक आउट किया।

भाजपा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि सरकार आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। पटना पुलिस ने महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया है। यह अन्याय है। वहीं पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि यह अन्याय है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। हमलोग शांतिपूर्व तरीके से आगे बढ़ रहे थे इतने में पुलिसकर्मी लाठी बरसाने लगे।भाजपा के आंदोलन से बिहार सरकार डर गई है।

(बिहारी खबर लाइव की ऐसी और स्टोरीज़ के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.)