बिहार : बीजेपी विधायक रश्मि वर्मा ने क्यों दिया था इस्तीफा, प्रदेश अध्यक्ष ने बताई वजह

ताज़ा खबर बिहार राजनीति
SHARE

BJP MLA resign : (पटना)। बीजेपी की विधायक रश्मि वर्मा के अचानक इस्तीफा दे देने की खबर सामने आने के बाद बिहार के सियासी हलके में बवंडर उठ गया था। खासकर भारतीय जनता पार्टी में खलबली मच गई थी। अब उनके इस्तीफे की वजह सामने आ गई है। यह वजह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डॉ संजय जायसवाल ने बताई है। डॉ जायसवाल ने यह भी कहा कि वे इस्तीफा नहीं देंगी।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, “बीजेपी विधायक रश्मि वर्मा की इस्तीफे की चर्चा हो रही थी तब हमने उनसे बात की। बात करने पर पता चला कि पारिवारिक विवाद के कारण उन्होंने इस तरह का फैसला लिया। इस्तीफा तभी माना जाता है जब कोई व्यक्ति विधानसभा अध्यक्ष के सामने इस्तीफा देता है।”

बेतिया स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संजय जायसवाल ने आगे कहा कि नरकटियागंज की विधायक रश्मि वर्मा ने नाराजगी के रुप में एक पत्र जरूर लिखा था। हमलोगों से उनकी बात हो गयी है अब वह बिहार विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफे से संबंधित पत्र नहीं देने जा रही हैं। अब वह वापस अपने घर जा रही हैं। 

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि इसमें कोई राजनैतिक कारण नहीं है। पारिवारिक विवाद के कारण उन्होंने इस तरह का कदम उठाया था। संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इस दौरान उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी संदेह जताया था।

उन्होंने कहा कि आरक्षी अधीक्षक से मिलकर समस्या का निदान निकालेंगे। इसे राजनीति से कुछ लेना नहीं है यह पारिवारिक विवाद था। उनके पति के भाईयों के विवाद के कारण उन्होंने पत्र लिखकर इस्तीफे की बात कही थी।