पशुपति पारस ने सात राज्यों में लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए,सांसद प्रिंस राज को बिहार की कमान

ताज़ा खबर राजनीति राष्ट्रीय
SHARE

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी पारस गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने गुरुवार को देश के सात प्रदेशों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। लोजपा प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंस राज को बिहार की कमान सौंपी गई है। बता दें कि लोजपा में विवाद से पहले भी प्रिंस राज बिहार में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हुआ करते थे। बाद में चिराग पासवान गुट की ओर से पूर्व विधायक राजू तिवारी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया था।

उधर विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह को झारखंड, ललित नारायण चौधरी को उत्तर प्रदेश, रवि गरूड़ को महाराष्ट्र का लोजपा अध्यक्ष बनााया गया है। दूसरी तरफ डा. वीरेन्द्र कुमार वैंग को उड़ीसा, रूपमकर को त्रिपुरा का लोजपा अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अमित नरेश राठी को दादर नागर हवेली एण्ड दमन दीव के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

यह भी पढ़ेंरामविलास पासवान की जयंती पर चिराग और पारस गुट टटोलेंगे जनता की नब्ज तथा आंकेगे अपनी स्वीकार्यता!

पार्टी प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने बताया कि इसके अतिरिक्त पशुपति कुमार पारस ने प्रकाश सिंह को लोजपा का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया है। पारस ने सभी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्षों को यह भी निर्देश दिया है कि अतिशीघ्र राज्य कमिटि एवं जिला कमिटि का गठन कर केन्द्रीय कार्यालय को सूची समर्पित करें। इन सभी अध्यक्षों के मनोनयन पर लोजपा के राष्ट्रीय नेता रामजी सिंह, विरेश्वर सिंह, ललन सिंह, अम्बिका प्रसाद बिनू, संजय सर्राफ, महताब आलम, केशव सिंह, एल.के. लजोरा, जिया लाल, एलविन जोसेफ, सहित पार्टी के केन्द्रीय नेताओं ने इन सभी अध्यक्षों के मनोनयन से लोजपा का व्यापक विस्तार होने की बात कही।

इसके पहले केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और लोजपा संसदीय दल के नेता पशुपति कुमार पारस ने बुधवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर विभिन्न राज्यों से आए पार्टी नेताओं से मिले और संगठन का विस्तार यथाशीघ्र करने का भरोसा दिया था। पशुपति कुमार पारस ने बुधवार को महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छतीसगढ़ और झारखंड के नेताओं से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार पर भी नेताओं से चर्चा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *