रोड टूटकर बहने से यूपी-बिहार के बीच सड़क संपर्क भंग, बाढ़ की स्थिति में बदलाव नहीं

उत्तरप्रदेश ताज़ा खबर बिहार
SHARE

छपरा। सारण जिले में बाढ़ की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, जो पानी गांवों में फैला है वो स्थिर है यानी उसमें बढोत्तरी नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक नदियों के जलस्तर में भी थोड़ी कमी आई है। बारिश नहीं होने के बावजूद नदियों के कटान के कारण बुधवार को आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे उत्तरप्रदेश के बलिया में हाजीपुर-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 बैरिया के चांददियर और मांझी के बीच सौ मीटर से अधिक टूटकर बह गया। इससे उप्र-बिहार को जोड़ने वाले बलिया से छपरा का संपर्क टूट गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर किलोमीटर 101 व 102 के बीच चांददियर पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग का लगभग सौ मीटर हिस्सा सरयू के प्रवाह में बह गया।

बलिया जनपद प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ चौकी के साथ ही 80 नावें लगाई गई हैं। रात से ही एनडीआरएफ की चार टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्य में जुटी हैं। गांव के सभी लोग सुरक्षित हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी शरणालय एवं भोजन आदि की व्यवस्था की गई है।

बलिया जनपद के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने एसपी विक्रांत वीर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बताया कि शुक्रवार शाम तक यातायात बहाल कर दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि हर घर नल जल योजना के तहत पाइप बिछाने के लिए सड़क की पटरी खोद दी गई है। साथ ही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के कारण पेड़ भी काट दिए गए हैं। सड़क कमजोर हो जाने के कारण पानी का दबाव पड़ने पर बह गई।