किसका पलड़ा भारी-क्या आज हो जाएगा फैसला,दिल्ली में चिराग करेंगे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

ताज़ा खबर राजनीति
SHARE

सेंट्रल डेस्क। लोक जनशक्ति पार्टी का घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। पार्टी में चाचा पशुपति पारस और भतीजे चिराग पासवान के बीच टकराव दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। इन सबके बीच जहां चाचा पशुपति कुमार पारस ने शनिवार को अपनी ओर से पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की नई टीम का एलान कर दिया, वहीं भतीजे चिराग पासवान ने आज यानी रविवार को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। बताया गया है कि इस बैठक में चिराग आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।

इससे पहले शनिवार को चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस के पार्टी अध्यक्ष के चुनाव को सिरे से खारिज कर दिया था। चिराग ने कहा था कि पटना में आयोजित बैठक असंवैधानिक थी। इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्यों की आवश्यक न्यूनतम उपस्थिति भी नहीं थी। चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पशुपति पारस के नेतृत्व वाले धड़े द्वारा आयोजित बैठकों में पार्टी का चिह्न और झंडे का इस्तेमाल करने से रोक लगाने का आग्रह भी किया है।

इस बीच एलजेपी महासचिव अब्दुल खालिक ने कहा है कि पशुपति पारस और पार्टी के चार अन्य सांसदों द्वारा चिराग पासवान को पद से हटाने के बाद चिराग पासवान के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पहले के चुनाव की प्रतिपुष्टि करने के लिए रविवार को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। उन्होंने दावा किया कि लोजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 90 से अधिक सदस्य हैं, जबकि दो दिन पहले गुरुवार को पटना में हुई बैठक में उन 90 सदस्यों में से बमुश्किल 9 सदस्य ही मौजूद थे। इसी बैठक में चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस को चिराग की जगह नया अध्यक्ष चुना गया था।

वहीं चिराग पासवान ने शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की। चिराग ने लोकसभा अध्यक्ष द्वारा पशुपति पशुपति पारस को लोजपा संसदीय दल के नेता के रूप में दी गई मान्यता पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

पार्टी कार्यकारिणी की बैठक को लेकर चिराग ने कहा ‘लोजपा संविधान के अनुसार पार्टी प्रमुख के तौर पर मुझे या महासचिव के रूप में खालिक को ही ऐसी कोई बैठक करने का अधिकार है। मेरे चाचा के नेतृत्व वाला गुट एक स्वतंत्र समूह हो सकता है लेकिन लोजपा का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता।’

बता दें कि पशुपति पारस ने शनिवार को पार्टी की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। पशुपति पारस द्वारा घोषित की गई नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में आठ सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें चौधरी महबूब अली कैसर (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), वीणा देवी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), सुनीता शर्मा (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), चंदन सिंह (राष्ट्रीय महासचिव), प्रिंस राज (राष्ट्रीय महासचिव), संजय सराफ (राष्ट्रीय महासचिव), रामजी सिंह (राष्ट्रीय महासचिव) और विनोद नागर (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष) शामिल हैं।

पार्टी के पारस धड़े द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया गया कि पशुपति पारस द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के नामों की घोषणा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *