यूपी ब्यूरो। उत्तरप्रदेश के बाराबंकी शहर में एक महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। शहर के एक निजी अस्पताल में महिला ने 4 बच्चों को जन्म दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया है कि महिला का मात्र 6 माह 18 दिन पर ही प्रसव हो गया है, जिस कारण बच्चे काफी कमजोर हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार बाराबंकी शहर के शुक्लाई गांव निवासी मोहम्मद आलम की पत्नी नूर फातिमा ने एक साथ इन 4 बच्चों को जन्म दिया है। मोहम्मद आलम ने मीडिया को बताया है कि अचानक प्रसव पीड़ा होने पर शहर के पलहरी स्थित अजंता हॉस्पिटल में उन्होंने पत्नी नूर फातिमा को भर्ती कराया। पत्नी का इलाज चल ही रहा था कि प्रसव शुरू हो गया।
हालत गंभीर होता देख आनन फानन ऑपरेशन कर बच्चों का जन्म कराया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार शुक्रवार की शाम 7:00 बजे 4 बच्चों को जन्म देने के बाद महिला की हालत भी बिगड़ने लगी थी। बच्चों को भी सघन चिकित्सा में रखा गया है।