किसी के कहने पर नहीं, काम करने पर संगठन में मिलेगा पद : तेजस्वी

ताज़ा खबर बिहार
SHARE

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि राजद संगठन में पद किसी के कहने पर नहीं बल्कि काम करने पर निर्धारित किया जाएगा। सदस्यता अभियान में तेजी लाने व लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमें आमलोगों तक पहुंच बनाने और उनसे जुड़ने की जरूरत है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में पार्टी के जिलाध्यक्षों एवं प्रधान महासचिवों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस मौके पर सदस्यता अभियान की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने की। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महासचिव व विधायक आलोक कुमार मेहता ने की।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधान सभा चुनाव, 2020 में महागठबंधन को एक करोड़ 56 लाख वोट आया था जबकि पार्टी में एक करोड़ सदस्य बनाने का ही लक्ष्य है। पार्टी की मजबूती के लिए हमें कार्य संस्कृति को भी बदलने की आवश्यकता है। ए टू जेड में पार्टी का जनाधार बढ़ा है, उस पर और काम करने की आवश्यकता है। अपनी कमियों को सुधारकर जमीनी सतह पर पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है।

तेजस्वी ने कहा कि पार्टी में एक मात्र नेता लालू प्रसाद जी हैं, किसी के कहने पर संगठन चलाने वाले संस्कृति को बदलना होगा। जो काम करेंगे, उन्हें हर स्तर पर सम्मान दिया जायेगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि सदस्यता रसीद को ‘‘संकल्प पत्र मानकर इसको ईमानदारी से चलाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर वृषिण पटेल, डॉ. तनवीर हसन, प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, संगठन महासचिव राजेश यादव, विभिन्न जिलों के अध्यक्षों रामनाथ मंडल, विजय कुमार महतो, मोहित यादव, देवमुनी सिंह यादव व अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे।