Bihar News : लखीसराय में भोज खाने के बाद 159 लोग बीमार

जिलानामा ताज़ा खबर बिहार
SHARE

Bihar News : (लखीसराय)। लखीसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक तिलक कार्यक्रम में भोजन करने वाले डेढ़ सौ से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए हैं। फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए लोगों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है। खाना खाकर घर पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कर लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायतें आने लगी। वहीं कुछ लोग जो देर रात तक होटल में ही रुके थे, उन्हें भी ऐसी शिकायतें मिली है। 

बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के इंग्लिश मुहल्ला निवासी रामजतन साव के पुत्र धीरज कुमार का तिलकोत्सव कार्यक्रम थाना क्षेत्र के ही राजा सब्जी मंडी के नजदीक एक निजी होटल में रखा गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और अधिकांश लोगों ने भोज भी खाया था। खाना खाकर जब लोग वापस घर लौटे तो रातभर लोगों में कै-दस्त होने की शिकायत आने लगी। बीमार होने वालों में जगदीश तांती, राधा कुमारी, राजनंदनी कुमारी, रूना कुमारी, आशीष कुमार, हिमांशु कुमार, रवि,रोहित, प्रीतम शामिल है। 

लड़की के भाई प्रदीप कुमार ने बताया कि वे लोग लड़का व लड़की के परिवार वाले मिलाकर कुल 226 लोग थे। नगर थाना क्षेत्र के ही राजा सब्जी मंडी के पास स्थित एक विवाह भवन में उनलोगों ने कार्यक्रम का आयोजन किया था। भोजन के लिए विवाह भवन प्रबंधन को प्रत्येक प्लेट की दर से साढ़े सात सौ रुपए दिए थे। उसके बाद भी गड़बड़ भोजन परोस दिया गया। सभी लोग रात में भोज खाकर जैसे ही निकले कि करीब डेढ़ सौ से अधिक लोगों के बीमार पड़ने की खबर आने लगी। कई लोग घर चले गए थे, तो वहीं से लोगों ने बीमार पड़ने की सूचना दी। जो लोग यहीं रुक गए थे, उनके बीमार पड़ने की स्थिति में आसपास के ही निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। लड़के वालों की तरफ से भी फोन आने लगे कि कैसा खाना खिला दिए। उनके मामा मोती साव सीरियस हो गए।