काफी शातिर है गोरखपुर मंदिर में हमला करने वाला मुर्तजा, जांच में खुल रहीं परतें

उत्तरप्रदेश ताज़ा खबर
SHARE

लखनऊ। गोरखनाथ मंदिर हमला का आरोपी अहमद मुर्तजा अब्बासी सिरफिरा या सनकी नहीं शातिर किस्म का है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, उसका शातिराना अंदाज सामने आ रहा है।

गोरखनाथ मंदिर पर घटना के बाद हमलावर के पकड़े जाने पर पुलिस के उच्च अधिकारी पहले उसे सिरफिरा और सनकी मान रहे थे। लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ परत दर परत उसकी करतूत सामने आने के बाद अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का माहिर मुर्तजा कुछ प्रतिबंधित साइट से भी जुड़ा हुआ था। मुर्तजा उनकी गतिविधियों में कितना संलिप्त था, टीम उसकी जांच कर रही है।

आतंकी साज‍िश की ओर इशारा, एनआइए ने शुरू की जांच

सरकार ने माना है कि गोरखनाथ मंदिर पर हुए हमले के पीछे बड़ी आतंकी साजिश है। गृह विभाग ने जारी विज्ञप्ति कर कहा है कि अभी तक की छानबीन में इस बात के पुख्ता प्रमाण मिले हैं कि मंदिर में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया व्यक्ति बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। हमले करने की नियत से ही वह मंदिर में घुसने का प्रयास कर रहा था। लेकिन पीएसी के जवानों ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी। हालांकि इस दौरान दो जवान घायल भी हो गए।

मंदिर में घुसने की कोशिश करते पकड़े गए युवक से आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस) और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) पूछताछ कर रही है। हमलावर के लैपटाप और मोबाइल फोन के डिटेल से भी उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। लैपटाप व मोबाइल खोलने के लिए जांच एजेंसिया विशेषज्ञों की मदद ले रही हैं। हमलावर के आतंकी संगठनों से संपर्क में भी होने की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां इसकी भी पड़ताल कर रही हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की जांच के यूपी एटीएस करेगी।

एडीजी ने कहा – गंभीर साजिश

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि हमले के दौरान कुछ धार्मिक नारे लगाए गए. दो लोगों को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने हमला करने वाले जिस शख्स को गिरफ्तार किया, उसका नाम अहमद मुर्तजा है, जो गोरखपुर का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि उसने आईआईटी बॉम्बे से इंजीनियरिंग की है। उसके पास से जो चीजें बरामद हुई हैं, उसे देखते हुए ही कहा जा सकता है कि यह गंभीर साजिश है और इसको आतंकी घटना से इनकार नहीं कर सकते।

हाल ही में खरीदा था महंगा लैपटॉप

मुर्तजा ने हाल में एक नया और महंगा लैपटॉप भी खरीदा था। 10 मार्च को कोरियर से उसके घर लैपटॉप पहुंचा। उस लैपटॉप की कीमत तकरीबन एक लाख रुपये है। हालांकि उसके पिता मुनीर अहमद अब्बासी ने बताया कि उसका पुराना लैपटॉप खराब होने पर उन्होंने ही नया खरीदने की रकम दी थी।

पहली शादी टूटने के बाद दूसरी शादी की चल रही थी तैयारी

मुनीर की पहली शादी अप्रैल 2018 में गाजीपुर की एक लड़की के साथ हुई थी। उनका निकाह धूमधाम से वाराणसी में हुआ था। हालांकि शादी के कुछ दिन बाद ही रिश्ता टूट गया। इधर उसकी दूसरी शादी की बात जौनपुर में चल रही थी।

पिता बैंकों में रह चुके हैं लीगल एडवाइजर

मुनीर अहमद अब्बासी ने वर्ष 1985 में इलाहाबाद विवि से एलएलबी करने के बाद शुरुआती दौर में गोरखपुर सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस की लेकिन मन नहीं लगा। इसके बाद वह गोरखपुर में सेंट्रल बैंक के लीगल एडवाजर बने। बाद में लखनऊ जाकर बड़ौदा बैंक में काम किए। लखनऊ से वह परिवार के साथ मुम्बई चले गए। नवी मुम्बई में वह फ्लैट लेकर परिवार के साथ रहने लगे।

क्या हुआ था रविवार को

रविवार की शाम एक युवक गोरखनाथ मंदिर में घुसने की कोशिश कर रहा था। मुख्य गेट पर सुरक्षा में तैनात जवानों ने संदेह के आधार पर उसे रोकने का प्रयास किया तो धार्मिक नारा लगाते हुए धारदार हथियार से उसने पीएसी जवानों पर हमला कर दिया। उसके हमले में दो जवान घायल हो गए है। घायल होने के बाद भी दोनों जवानों ने अपने एक अन्य साथी की मदद से हमलावर को दबोच लिया। उसके पास से एक बैग मिला है। बैग में लैपटाप व एक अन्य धारदार हथियार बरामद हुआ है।