छपरा: अग्निशमन वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्धा की मौत, दो जख्मी

जिलानामा ताज़ा खबर बिहार
SHARE



छपरा। मढ़ौरा-छपरा मुख्य पथ के शिल्हौड़ी ब्रह्म स्थान और बाबू लाल इंटर कॉलेज के बीच में एक बाइक सवार को अग्निशमन गाड़ी ने अनियंत्रित होकर ठोकर मार दी। ठोकर में तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। इसमें जख्मी एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जख्मी एक युवक और एक किशोरी को मढ़ौरा रेफरल अस्पताल लाया गया,जहा से चिंताजनक हालत में उन्हे छपरा रेफर कर दिया गया।

मृतक मढ़ौरा पकहां निवासी मुंशी राम की पत्नी 65 वर्षीय प्रभावति देवी बताई गई है जबकि जख्मी में रसूलपुर अमनौर निवासी सत्यनारायण राम का 18 वर्षीय पुत्र विनय कुमार और पकहां निवासी राजेन्द्र राम की पुत्री 10 वर्षीय रिया कुमारी शामिल हैं।

ग्रामीणों ने काटा बवाल

मृतक नगर क्षेत्र के पकहां  की होने से काफी संख्या में लोग रेफरल अस्पताल पहुंच गए और हंगामा पर ऊताऊ हो गए । मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा कर उन्हे शांत कराया। इधर घटना की जानकारी पर आक्रोशित लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और आगजनी कर मढ़ौरा-छपरा मुख्य पथ को जाम कर दिया। इस दौरान जमा हुए लोगों ने जमकर बवाल भी काटा‌। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लम्बी कतारें लग गई। बाद में मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष आरके सिंह, डीएसपी नरेश पासवान और जिप सदस्य मीना अरूण के काफी समझाने बुझाने पर लोग शांत हुए और जाम हटा ली।  

छठियार से लौट रहे रहे सभी 

मृतका के परिजनों ने बताया कि प्रभावति देवी के पुत्र जितेन्द्र राम की शादी रसूलपुर में हुई थी। वहा उसके पुत्र के जन्म के बाद पुत्र का छठ्ठीहार का उत्सव था। प्रभावति देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य मंगलवार को छठ्ठीहार में शामिल होने के लिए रसूलपुर गए थे। बुधवार को सभी ग्यारह बजे के करीब वापस अपने घर लौट रहे थे। सभी तीन बाइक से लौट रहे थे। अभी शिल्हौड़ी के ब्रह्मस्थान से आगे बढ़े थे तभी अग्निशमन की बड़ी गाड़ी ने अनियंत्रित होकर उनके बाइक में तेज ठोकर मार दी। ठोकर लगने पर तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए, इसमे एक वृद्ध महिला भी थी। आनन फानन में सभी को रेफरल अस्पताल लाया गया जहा वृद्ध महिला प्रभावति देवी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दोनों जख्मी विनय कुमार और रिया कुमारी को गंभीर स्थिति में छपरा रेफर कर दिया गया है।  

(बिहारी खबर लाइव की ऐसी और स्टोरीज़ के लिए आप  (यहां क्लिक कर सकते हैं.)