यमुना का जलस्तर बढ़ा..कई रास्ते बंद: घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

ताज़ा खबर
SHARE

Delhi Rain: देश की राजधानी दिल्ली में यमुना का बढ़ता जलस्तर अब चिंता का सबब बनता जा रहा है। दरअसल यमुना का जलस्तर काफी बढ़ कर खतरे के निशान को पार कर गया है। जिसकी वजह से राजधानी के निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि हजारों परिवारों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होना पड़ा है।

अब आलम ये है कि दिल्ली के कई रास्ते भी यमुना के बढ़ते जलस्तर की वजह से प्रभावित हो रहे हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एडवाइजरी के मुताबिक यमुना का जल स्तर बढ़ने और इसके परिणामस्वरूप निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण कुछ सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण आउटर रिंग रोड पर वजीराबाद से लेकर विकास मार्ग के बीच और रिंग रोड पर काली घाट मंदिर से दिल्ली सचिवालय के बीच ट्रैफिक को रेगुलेट किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि अगर स्थिति ज्यादा बिगड़ती है, तो फिर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जा सकता है। चूंकि बाढ़ प्रभावित इलाकों के आस-पास सड़क किनारे कई राहत शिविर भी लगे हुए हैं, ऐसे में शिविरों के आस-पास भी ट्रैफिक कंजेशन बने रहने की संभावना है। इन जगहों पर ट्रैफिक को रेगुलेट करने के लिए स्टाफ की तैनाती की गई है।

(बिहारी खबर लाइव की ऐसी और स्टोरीज़ के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.)