नियमित करने की मांग को लेकर पटना निफ्ट के संविदा कर्मचारी हड़ताल पर

कैरियर ताज़ा खबर बिहार
SHARE

Patna News : (पटना)। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान पटना के 70 कर्मचारियों में से 28 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। पिछले पांच से सात वर्षों से अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए कर्मियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार इनकी नियुक्ति निफ्ट पटना के निदेशक संजय श्रीवास्तव के द्वारा गठित चयन समिति के सदस्यों की अनुशंसा एवं निदेशक के अनुमोदन के आधार पर किया गया है।

हड़ताली कर्मचारियों के अनुसार पांच से सात वर्षों तक लगातार कार्य करने के उपरांत इनके अनुबंध को अभी तक नियमित नहीं किया गया है, जिसके विरोध में सभी अनुबंध कर्मचारी अपने वाजिब हक के लिए एवं उनके पदों को नियमित करने के लिए 18 अप्रैल से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मियों का कहना है कि इनकी हड़ताल मांगे पूरी होने तक आगे भी जारी रहेगी।

हड़ताल के पांचवे दिन निफ्ट पटना के सक्षम अधिकारी द्वारा किसी प्रकार की सकारात्मक पहल नहीं किए जाने से भी कर्मियों में निफ्ट प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश है। कर्मियों की मानें तो निदेशक ने सभी कर्मचारियों से कई बार बैठक की है। लेकिन उन्हें धमकी दी जा रही है कि वह तुरंत अपने हड़ताल को तोड़कर अपने काम पर वापस लौट जाएं अन्यथा उन्हें नौकरी से निष्कासित कर दिया जाएगा।

पूर्व में निफ्ट के कई परिसरों में अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को उनके पूर्व की कार्य के अनुशंसा के आधार पर नियमित भी किया गया है। कर्मियों की मुख्य मांगों में सभी अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारी एवं वैसे एमटीएस जो जनवरी तक अनुबंध पर नियुक्त थे, उन्हें नियमित करने की मांग शामिल है। निफ्ट के भर्ती नियम में हाल में हुई संशोधन से सभी अनुबंध कर्मचारियों को आयु सीमा में छूट देकर जनरल कंपटीशन में लिखित परीक्षा में भाग लेने हेतु आदेश निकाला जा रहा है। कर्मचारी इन्हीं सब का विरोध कर रहे हैं।