Sonia gandhi aur prashant kishore ki tasveer

कांग्रेस में शामिल होंगे या पार्टी के रणनीतिकार बनेंगे प्रशांत किशोर? सोनिया गांधी के साथ हुई बैठक, बड़े नेता भी रहे मौजूद

ताज़ा खबर राजनीति
SHARE

नई दिल्ली। अब तक कई राजनीतिक दलों के रणनीतिक सलाहकार की भूमिका निभा चुके प्रशांत किशोर बड़ा एलान करने वाले हैं। इसके संकेत मिले हैं 10 जनपथ पर आज उनकी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ हुई मुलाकात से। बताया गया है कि प्रशांत किशोर सोनिया से मिलने उनके आवास पहुंचे। यहां पहले ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि किशोर बैठक के बाद कोई बड़ा एलान करने वाले हैं।

सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ चार घंटे की मैराथन बैठक में प्रशांत किशोर ने साल 2024 के लोकसभा इलेक्शन का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया है। उन्होंने पार्टी के भीतर सुधार के लिए क्या करने की जरूरत है, की भी विस्तृत जानकारी दी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रशांत किशोर को पार्टी में शामिल होने के लिए कहा गया है न कि सलाहकार के तौर पर काम करने के लिए। किशोर ने भी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने में रुचि दिखाई है।

शनिवार, 16 अप्रैल 2022 को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर प्रशांत किशोर के साथ पार्टी के दिग्गज नेताओं की बैठक हुई। एनडीटीवी के मुताबिक, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चार घंटे की मैराथन मीटिंग के दौरान प्रशांत किशोर ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी है और उनके सुझावों और विचारों को देखने के लिए एक छोटी समिति बनाई जाएगी। 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने एक प्रेजेंटेशन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और कुछ बड़े नेताओं के सामने पेश की। उनके इस प्रेजेंटेशन पर समीक्षा के लिए टीम बनाई जाएगी, जो कुछ समय बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और उसके बाद आखिरी निर्णय लिया जाएगा।

कांग्रेस को पुनर्जीवित करना है लक्ष्य
किशोर ने 2024 के आम चुनाव सहित इससे पहले कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को पुनर्जीवित करने की बात कही है। प्रशांत किशोर की इस संदर्भ में सोनिया गांधी के साथ गहन वार्ता हुई। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने प्रशांत किशोर को पार्टी ज्वाइन करने के लिए कहा है न कि सलाहकार के तौर ज्वाइन करने के लिए।  

हालांकि प्रशांत किशोर (पीके) के करीबी सूत्रों ने इस बात का खंडन किया है कि बातचीत इस साल के अंत में होने वाले गुजरात चुनाव पर केंद्रित थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और प्रशांत किशोर के बीच मुलाकात का फोकस साल 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव था। जबकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि गुजरात या किसी अन्य राज्य में चुनाव पीके के असाइनमेंट और जिम्मेदारी के अनुरूप होंगे, जब दोनों पक्ष 2024 चुनाव के लिए एक समझौते पर पहुंचेंगे। हालांकि, किशोर को अभी गुजरात चुनावों पर फोकस के लिए कहा गया है। 

2017 में कांग्रेस के साथ काम कर चुके हैं प्रशांत किशोर

इससे पहले प्रशांत किशोर 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के साथ काम कर चुके हैं। जबकि चुनाव रणनीतिकार को 2022 के चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनाव अभियान का काम सौंपा गया था, उन्होंने 5 अगस्त को इस पद से यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका से ‘अस्थायी विराम’ लेना चाहते हैं। यह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक रणनीति छोड़ने के उनके फैसले के मद्देनजर आया था।

2014 आम चुनावों में बीजेपी की प्रचंड जीत से आए थे सुर्खियों में

2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के कारण किशोर को प्रशंसा मिली। किशोर की IPAC ने AAP (2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव), महागठबंधन (2015 बिहार विधानसभा चुनाव), YSCRP (आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव), DMK (तमिलनाडु विधानसभा चुनाव) और TMC (पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव) के लिए भी सफल अभियान चलाए हैं। हालांकि, वह 2017 के उत्तर प्रदेश चुनावों में कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन को जीत के लिए प्रेरित करने में विफल रहे।