उत्तर भारत में चल रही कड़ाके की लू अभी राहत के आसार नहीं, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

ताज़ा खबर
SHARE

Weather Today : (सेंट्रल डेस्क)। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड समेत पूरा उत्तर भारत प्रचंड गर्मी की आगोश में है। मैदान से लेकर पहाड़ तक तपने लगे हैं। अप्रैल में ही मई-जून सी गर्मी झेल रहे लोगों के लिए आने वाले तीन दिन लू से राहत नहीं मिलेगी। यूपी, हरियाणा, बिहार और झारखंड में लू चलने की आशंका है इसलिए अलग-अलग अलर्ट जारी किया गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा गर्म शहरों की सूची जारी की। इसमें राजस्थान के अलवर को सबसे ज्यादा गर्म बताया गया है। यहां 45.8° डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं यूपी, हरियाणा और झारखंड आदि के 17 शहरों में पारे ने 44 का आंकड़ा पार कर लिया है। राजस्थान में पाकिस्तान से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के चलते अगले तीन दिन के भीतर रेड अलर्ट की स्थिति बनेगी। तापमान 47 डिग्री के पार होगा। 

उत्तरप्रदेश के लखनऊ, आगरा से लेकर अलीगढ़ तक शुक्रवार को आसमान से आग बरसी। आगरा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में इंसान ही नहीं पशु-पक्षी तक बेहाल रहे। सड़कें और बाजार सूने रहे। इस सीजन का सबसे गर्म दिन होने के साथ आगरा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकार्ड किया गया। इस सीजन सबसे गर्म दिनों का भी रिकार्ड बन गया है। 29 मार्च से लेकर अब तक लगातार लू चल रही है। दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। अब मौसम विभाग ने 12 अप्रैल तक का अलर्ट जारी किया है। यानि लगातार 15 दिनों तक लू चलने का नया रिकार्ड बनने जा रहा है।

बलूचिस्तान से राजस्थान होकर यूपी होते हुए बिहार के दक्षिणी भाग में आ रही पछुआ हवा का प्रसार बढ़ता जा रहा है। इसके प्रभाव से शनिवार और रविवार को 20 जिलों में लू की स्थित रहेगी। यानी रामनवमी पर लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे। अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच, शुक्रवार को भी राज्य में बक्सर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में भी रात में पुरवा का प्रभाव बना जो शुक्रवार सुबह तक प्रभावी रहा।