बिहार में राजस्व कर्मचारियों का बनेगा स्टेट कैडर,जल्द बहाल होंगे 4453 कर्मचारी

कैरियर ताज़ा खबर बिहार
SHARE

Bihar News : (पटना)। बिहार में राजस्व कर्मचारियों का स्टेट कैडर बनाया जाएगा। इस दिशा में काम किया जा रहा है। इसके बाद राजस्व कर्मचारियों का तबादला एक से दूसरे जिले में भी किया जा सकेगा। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उक्त बातें सूबे के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहीं।

मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि राज्य में 8500 राजस्व कर्मचारियों का पद है, लेकिन मुश्किल से 1700 कर्मी अभी कार्यरत हैं। 4453 राजस्व कर्मचारियों की बहाली की प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। राय रविवार को ये बातें भागलपुर परिसदन में प्रेस कांफ्रेंस में कही। वह दो दिवसीय दौरे पर भागलपुर पहुंचे हैं।

मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग में मानव बल की बहुत कमी है। इसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। 1767 अमीन की बहाली भी होनी है। कुछ अभ्यर्थियों ने कोर्ट में मामला दायर कर दिया है। कोर्ट के आदेश का इंतजार है। राजस्व कर्मचारियों की बहाली पूरी होने के बाद पंचायतों में रेवेन्यू की समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी एक राजस्व कर्मी को तीन-तीन हल्के का चार्ज है। इससे काम में दिक्कत होती है। 

बता दें कि अभी तक जो व्यवस्था है कि राजस्व कर्मचारी जिस जिले में बहाल होते हैं वहीं से रिटायर करते हैं, लेकिन स्टेट कैडर बन जाने के बाद दूसरे जिलों में भी तबादला होगा।

राजस्व मंत्री ने यह भी कहा कि आगे होने वाले सर्वे में धार्मिक न्यास बोर्ड की जमीन पर रैयती के नाम पर सेवादार नहीं, बल्कि मठ-मंदिरों के भगवान का नाम होगा। ताकि उस जमीन को कोई बेच नहीं सके। अभी लगभग 60 हजार एकड़ धार्मिक न्यास की जमीन है। इसमें से 30-40 हजार एकड़ जमीन बेच दी गई है। बेची गई जमीन न्यास को वापस होगी।