UP Election: ‘आप लोगन ते परीक्षा की घड़ी, SP-RLD गठबंधन सफल बनाना है!’ पहले दिया समर्थन फिर 24 घंटे में पलट गए नरेश टिकैत

ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

Bhartiya Kisan Union : (सेंट्रल डेस्क)। भारतीय किसान यूनियन (Bhartiya Kisan Union) के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने सपा-रालोद गठबंधन को समर्थन देने के अपने बयान से किनारा कर लिया है। इससे पहले यूपी चुनाव (Uttarpradesh Assembly Chunav) में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान कर दिया था। इस ऐलान ने दिल्ली की सीमा पर एक साल से अधिक लंबे समय तक चले किसान आंदोलन (Farmers Protest) के गैर राजनीतिक रहने के दावे पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। दरअसल, बीकेयू के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने एसपी-आरएलडी गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान करते हुए खाप पंचायतों के लिए इसे परीक्षा करार दिया। हालांकि, उनके बयान पर विवाद शुरू हुआ तो उन्होंने अपने बयान से यू टर्न ले लिया।

संभल की सभा में क्या कहा था टिकैत ने

बीकेयू प्रमुख नरेश टिकैत ने आरएलडी-सपा गठबंधन को अपना समर्थन देते हुए विभिन्न खापों के लिए पिच तैयार की थी। नवभारत टाइम्स ऑनलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, संभल में समर्थकों की भीड़ से उन्होंने कहा था कि भाई, आप लोगन ते परीक्षा की घड़ी है। गठबंधन ते सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को जिताने के लिए आप जो भी कर सकते हैं करें। उनके बयान का वीडियो अब वायरल हो रहा है। शनिवार को सपा-आरएलडी गठबंधन की ओर से सात उम्मीदवारों की सूची जारी की गई थी। ये सभी उम्मीदवार आरएलडी के हैं। नरेश टिकैत ने अपने बयान पर अब सफाई दी है।

अब क्या बोले नरेश टिकैत

बीकेयू प्रमुख नरेश टिकैत ने अब कहा है कि हम चुनाव में किसी का भी समर्थन नहीं कर रहे हैं। अपने पिछले बयान को गलती बताते हुए उन्होंने रविवार शाम को कहा कि हम कुछ ज्यादा ही बोल पड़े थे, जो गलत था। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ही सर्वोपरि है। अगर हम उससे अलग जाते हैं तो वे हमें अलग भी कर सकते हैं। टिकैत ने कहा कि हमारे पास तो कोई आ नहीं रहा। कल महागठबंधन वाले आए थे। किसान भवन में लोग जुटे थे, लेकिन कल हम ज्यादा बोल पड़े।

नरेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा सर्वोपरि है, हमारी ओर से किसी को भी समर्थन नहीं है। किसी भी दल का कोई भी नेता आएगा तो हम उसे आशीर्वाद देंगे। यहां आकर कोई भी वोट मांगने की बात न करे। वोट मांगने की बजाय लोग आशीर्वाद लेने के लिए आएं। यहां आएं लोग आशीर्वाद लें और चुनाव लड़ें। हम किसी भी अनदेखी नहीं करेंगे। भाजपा उम्मीदवारों के आने की स्थिति में उनका भी स्वागत करने की बात उन्होंने कही। नरेश टिकैत ने कहा कि यदि भाजपा उम्मीदवार आते हैं तो उनका भी हम स्वागत करेंगे। चाय-पानी की व्यवस्था करेंगे। भाजपा उम्मीदवार हमारे दुश्मन नहीं हैं। पहले भी आते ही रहे हैं।

नरेश टिकैत के बयान का वीडियो हुआ था वायरल

किसान आंदोलन के बाद चर्चा में आई भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष ने वायरल वीडियो को इससे पहले सच बताया था। नरेश टिकैत ने रविवार को माना था कि हां, मैंने लोगों से गठबंधन का समर्थन करने का अनुरोध किया था। भावना भाजपा के खिलाफ है और इसमें कोई संदेह नहीं है।

हालांकि, उनके छोटे भाई राकेश टिकैत ने कहा कि संगठन यूपी चुनाव में किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं करेगा। उसके कुछ हफ्ते बाद उनकी टिप्पणी आई है। हालांकि, उनका बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हंगामा काफी बढ़ गया। संयुक्त किसान मोर्चा पर सवाल खड़े होने लगे। इसके बाद नरेश टिकैत सफाई देने के लिए सामने आए।