Bulli Bai App Case: बुल्ली बाई ऐप कांड की मास्टरमाइंड महिला उत्तराखंड से गिरफ्तार, बेंगलुरु से युवक भी धराया

ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

Bulli Bai App Case: (सेंट्रल डेस्क)। बुली बाई ऐप (Bulli Bai app) मामले में मुंबई पुलिस (Mumbai Police) की साइबर सेल (Cyber Cell) ने 21 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। मामले में मुख्य आरोपी एक युवती है जिसे उत्तराखंड (Uttarakhand) से हिरासत में लिया गया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं।

बुली बाई नाम की विवादित ऐप मामले में मुंबई पुलिस को एक और सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह महिला मामले में मुख्य आरोपी है।

इससे पहले सोमवार को बेंगलुरु (Bengluru) से 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र विशाल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दोनों मामले में सह-आरोपी हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस के मुताबिक, वे फेसबुक (Facebook) और इंस्टाग्राम (Instagram) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (Social Media) पर दोस्त हैं। इसलिए एक-दूसरे से संपर्क में रहते थे। 

क्या कहा मुंबई पुलिस ने

मुंबई पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी महिला ‘बुली बाई’ ऐप से जुड़े तीन अकाउंट हैंडल कर रही थी। सह आरोपी विशाल कुमार ने खालसा सुप्रीमिस्ट के नाम से खाता खोला। 31 दिसंबर को उसने अन्य खातों के नाम बदलकर सिख नामों से मिलते-जुलते कर दिए। अदालत ने ‘बुली बाई’ ऐप मामले में गिरफ्तार इंजीनियरिंग छात्र को 10 जनवरी तक मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजा।

गौरतलब है कि बुली बाई ऐप के जरिए मुस्लिम समुदाय की महिलाओं की तस्वीरें लगाकर उनकी कथित तौर पर बोली लगाने का आरोप है। इस मामले में शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की शिकायत पर पश्चिम प्रादेशिक क्षेत्र साइबर पुलिस ने गिटहब पर होस्ट किए गए ‘बुल्ली बाई’ ऐप डिवेलपर के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया था।

आसान शब्दों में समझें क्या है बुल्ली बाई ऐप

बुल्ली बाई (Bulli Bai) ऐप गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) या ऐप स्टोर (App Store) पर नहीं मिलता. यह गिटहब (Github) नाम के प्लेटफॉर्म पर मौजूद है। आसान शब्दों में कहें तो यहां मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाई जा रही थी। जब आप इस ऐप को ओपन करते हैं तो स्क्रीन पर मुस्लिम महिलाओं (Muslim Womens) का चेहरा नजर आता है, जिसे बुल्ली बाई नाम दिया गया है। इसमें उन मुस्लिम महिलाओं का नाम यूज किया जा रहा है जो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। इन मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों को प्राइसटैग (Muslim Women Bidding) के साथ साझा किया गया है।

यही नहीं, बुल्ली बाई नाम के एक ट्विटर (Twitter) हैंडल से इसे प्रमोट भी किया जा रहा था। इस हैंडल पर मुस्लिम महिलाओं को बुक करने की भी बात लिखी गई थी। हालांकि भारत सरकार (Indian Government) के दखल के बाद अब इस ऐप (App) और इस ट्विटर हैंडल (Twitter handle) को हटा दिया गया है।