Vaishno Devi Stampede : माता वैष्णो देवी भवन परिसर में हादसा, भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत, 26 जख्मी

ताज़ा खबर राज्य
SHARE

Vaishno Devi Stampede : नए साल यानी वर्ष 2022 की पहली ही सुबह माता वैष्णो देवी मंदिर (Vaishno Devi temple) से दुखद खबर मिली है। मंदिर परिसर में सुबह 2:45 बजे मची भगदड़ (Vaishno Devi temple stampede) के चलते 12 लोगों की मौत हो गई है, इसके अलावा 26 लोग जख्मी हैं। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

अहले सुबह 2.45 पर हुआ हादसा

जम्मू-कश्मीर पुलिस (Jammu Kashmir Police) के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि यह हादसा तड़के 2:45 बजे हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स में हमें यह पता चला है कि कुछ लोगों के बीच बहस हुई थी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद लोग भागने लगे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा की एक बार फिर से शुरुआत कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचने वाले हैं।

वहीं, गाजियाबाद से पहुंचे एक चश्मदीद ने बताया कि माता वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में कुछ लोग दर्शन करके वहीं रूक गए, जिससे वहां मास गैदरिंग हो गई और लोगों को निकलने की जगह नहीं मिल रही थी। थोड़ी सी जगह में बड़ी संख्या लोग आ और जा रहे थे। इस खौफनाक मंजर को बताने वाले चश्मदीद ने भी अपने एक जानकार को इस भगदड़ में खो दिया, जबकि एक उसके जानने वाले के हाथ में फ्रैक्चर है।

मृतकों में एक स्थानीय व 11 अन्य राज्यों के

वैष्णो देवी मंदिर परिसर के ड्यूटी ऑफिसर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतकों में एक शख्स जम्मू-कश्मीर के ही राजौरी का रहने वाला है। इसके अलावा अन्य 11 लोग देश के अलग-अलग राज्यों के हैं। अब तक मृतकों में से 7 लोगों की पहचान कर ली गई है। 5 अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल अर्धकुंवारी, बाणगंगा से यात्रा को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे।

एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की संख्या तय नहीं की थी। उन्होंने कहा कि त्रिकुटा हिल्स में ज्यादा श्रद्धालु नहीं ठहर सकते हैं। ऐसे में उन्हें कटरा बेस कैंप में ही रोकना चाहिए था और उनकी लिमिट तय करनी चाहिए थी।

हादसे के उच्चस्तरीय जांच के आदेश

हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिये गये हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर बताया कि मैं तुरंत माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंच रहा हूं। मैं वहां प्रशासन से हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी लूंगा।

पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जताई संवेदना

केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी माता वैष्णो देवी मंदिर में हुए हादसे के बाद हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं। 13 घायल लोगों को कटरा के नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए रजिस्ट्रेशन रोक दिया गया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ के दौरान मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा’ माता वैष्णोदेवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्घटना दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी शोक संवेदनाएँ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।’