Bihar News: बहन के घर छठ का प्रसाद देने गया था युवक,पिस्तौल भिड़ा करा दिया ‘पकड़ौवा विवाह’

ताज़ा खबर बिहार समाज
SHARE



Bihar News: बिहार में पहले पकड़ौवा शादी (जबर्दस्ती शादी करा देना) की खबरें ज्यादा आतीं थीं। हालांकि, अब यह प्रचलन धीरे-धीरे कम हुआ है। लेकिन इन दिनों एक वायरल वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यह वीडियो पकड़ौवा विवाह का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पीड़ित युवक ने अब पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,पकड़ौवा 
विवाह का जो वायरल वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, वह वायरल वीडियो नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव का बताया जाता है।

पीड़ित धनुकी गांव निवासी नीतीश कुमार ने इस संबन्ध में पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। उसका आरोप है कि बंदूक की नोंक पर उसे अगवा कर शादी करा दी गयी। विरोध करने पर रातभर बंधक बनाकर मारपीट भी की। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित ने बताया है कि 11 नवंबर को छठ का प्रसाद देने के लिए अपनी बहन की ससुराल सरबहदी गांव गया था। वहां से लौटने के दौरान परोहा गांव के पास कुछ लोगों ने बंदूक दिखाकर अगवा कर लिया।

उसका कहना है कि एक घर में उसकी जबरन शादी करा दी गयी। वहीं, वायरल हुए वीडियो में युवक को धमका रहे कुछ लोग भी दिख रहे हैं। थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 







पकड़ौवा विवाह क्या है

पकड़ौआ विवाह में किसी गांव में किन्हीं लोगों द्वारा आस-पास के गांव के पढ़े-लिखे या घर से संपन्न युवक को अगवा कर लेते हैं। इसके बाद जबरदस्ती युवक की शादी किसी लड़की से करा दी जाती है। इसका विरोध किए जाने पर युवक के साथ मारपीट भी की जाती है।

बिहार में पकड़ौआ विवाह 20-30 साल पहले जोरों पर हुआ करता था। लगन के दिनों में इस तरह की कई खबरें अखबारों की सुर्खियां बनती थीं। लेकिन 21वीं शताब्दी के बाद इसमें काफी कमी आई। हालांकि, अब भी कभी-कभी ऐसे मामले सामने आ जाते हैं।

पकड़ौवा विवाह के पीछे कई सामाजिक कारण भी हुआ करते थे। इसके पीछे दहेज की कुरीति भी एक बड़ा कारण होती थी। इसके अलावा कई स्थानीय कारण भी हुआ करते थे।