Bareilly Crime : महिला को नशीला इंजेक्शन लगा डॉक्टर ने क्लिनिक में ही किया रेप

उत्तरप्रदेश ताज़ा खबर
SHARE

Bareilly Crime: उत्तरप्रदेश में एक डॉक्टर ने मानवता और पेशागत सिद्धांतों को शर्मसार करते हुए घिनौनी घटना को अंजाम दे दिया है। यहां डॉक्टर ने इलाज कराने आई महिला को नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना की वीडियो भी बना ली। घटना की जानकारी जब महिला के पति को हुई तब इसकी पुलिस में शिकायत की गई है।

घटना प्रदेश के बरेली जिले की है। यहां के एक डॉक्टर ने अपने ही क्लीनिक में महिला को नशीला इंजेक्शन देकर रेप किया। साथ ही उसका वीडियो भी बना लिया। शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।

अब थाने में डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय थाना की पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

घटना के बारे में प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बरेली के एक पॉश मुहल्ले के रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी के दांत में दर्द हो रहा था। जिसके बाद परेशान होकर वह विगत 16 अक्टूबर को एक स्थानीय डेंटल क्लिनिक पर डॉक्टर को दिखाने गई।

चेकअप के बाद डॉक्टर ने कहा कि दांत उखाड़ कर दूसरा दांत लगा देंगे। उसी दिन शाम को चार बजे डॉक्टर ने महिला को अपने क्लीनिक पर बुलाया। महिला जब क्लीनिक पर गई, उस वक्त वहां कोई नहीं था। डाक्टर ने गेट बंद कर पर्दा डाल दिया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर यह कहते हुए बेहोश कर दिया कि दांत उखाड़ने में काफी दर्द होता है इसलिए यह जरूरी है। इसके बाद डॉक्टर ने महिला का दांत उखाड़ा। आरोप है कि इसके बाद उसने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। साथ ही उसकी वीडियो बना ली।

महिला को जब होश आया तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। महिला ने इसकी शिकायत डाक्टर से की। जिस पर डाक्टर ने उसे धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो उसका वीडियो वायरल कर देंगे। इसकी वजह से महिला घबरा गई।

इस घटना के बाद वह महिला अपने घर में गुमसुम और परेशान रहने लगी। तीन नवंबर को प्रॉपर्टी डीलर पति के ज्यादा पूछने पर महिला ने डॉक्टर की करतूत के बारे में बताया। कहा कि डॉक्टर ने उसके साथ गलत काम कर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी है। जिसके बाद मामले की तहरीर स्थानीय थाना की पुलिस को दी गई।

स्थानीय इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्राथमिक जांच पड़ताल में महिला के साथ रेप की पुष्टि हुई है। डॉक्टर को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *