बीजेपी सांसद साक्षी महाराज के खाते से रुपये उड़ाने वाले दो शातिरों को दिल्ली पुलिस ने पटना से किया गिरफ्तार

ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

पटना। भारतीय जनता पार्टी के यूपी के उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज के खाते से रुपए उड़ाने वाले दो शातिरों को पटना में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस ने की है। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस ने पटना के कंकड़बाग और गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से इन दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

बताया जाता है कि कुछ दिन पहले सांसद साक्षी महाराज के बैंक खाते से 1 लाख रुपये उड़ा लिए गए थे। इधर खबर है कि दिल्ली पुलिस कंकड़बाग के निहाल सिन्हा और गर्दनीबाग के दिनेश राय को गिरफ्तार कर अपने साथ दिल्ली ले गई।

बताया जाता है कि लगभग छह महीने पहले सांसद के खाते से यह निकासी की गई थी। इस संबंध में दिल्ली के संसद मार्ग थाने में केस दर्ज कराया गया था। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दिनेश राय साइबर गिरोह का सरगना है। वैसे बताया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ पटना में कहीं कोई मामला दर्ज नहीं है।

दिल्ली पुलिस की आरंभिक छानबीन में पता चला है कि इस अपराध में दिनेश राय शामिल है और पैसे निहाल सिन्हा के खाते में ट्रांसफर हुए हैं। बताया जाता है कि दोनों आरोपितों का लोकेशन जब पटना का मिला तब दिल्ली पुलिस द्वारा पटना पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद पटना में यह छापेमारी की गई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि निहाल के खाते में कई दफे पैसे आए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला कि पिछले छह महीने में निहाल के खाते में तीन लाख रुपए आए थे।

रिपोर्ट के अनुसार पटना में हुई पूछताछ में निहाल ने बताया है कि उसने अपने अकाउंट का डिटेल दिनेश राय को दिया था और एटीएम भी उसी के ही पास था। इसके बदले हर ट्रांजेक्शन पर उसे कुछ हजार रुपए दिए जाते थे।