राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या, गोगामेड़ी को हमलावरों ने घर में घुसकर मारी गोली

जुर्म ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि हमलावर उनके साथ बैठे थे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में सुखदेव सिंह पर ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी गईं। उन्हें तत्काल मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल में पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया और कुछ देर बाद ही इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

सुखदेव सिंह पर फायरिंग के दौरान वहां मौजूद अजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उधर, फायरिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सभी प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी करवाई गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

श्याम नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस को स्कूटर सवार दो बदमाशों की तलाश है। दोपहर करीब 1:45 बजे इन बदमाशों ने ही सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर गोलियां बरसाई थीं। राजधानी में चुनावी सरगर्मियों के बीच मंगलवार को इस आपराधिक घटना ने सबको चौंका दिया है। वहीं पुलिस मामले का जल्द खुलासा करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हाथपैर मार रही है।