चंद्रयान-3 चांद पर उतरने के बाद क्या-क्या करेगा, कैसे होगा लैंड, जानिए प्रमुख बातें

Tech ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

चंद्रयान-3 (Chandrayan 3) बुधवार, 22 अगस्त की शाम लगभग छह बजे चांद की सतह पर उतर सकता है. इसे लेकर प्रमुख अख़बारों ने चंद्रयान-3 से जुड़ी ताजा अपडेट दिया है. चंद्रयान-3 चांद की सतह पर उतरने के बाद क्या करेगा? इस पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक रिपोर्ट की है.

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि चंद्रयान-3 जब चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा, उसके बाद से वैज्ञानिकों का असली काम शुरू करेगा. चंद्रयान-3 के चांद पर उतरने के बाद रोवर से जुड़े कामों को शुरू किया जाएगा.

चांद का एक लूनर डे यानी चांद पर एक दिन धरती के 14 दिन के बराबर होता है. वैज्ञानिकों की कोशिश होगी कि वो रोवर के ज़रिए चांद से भारी संख्या में भेजे जा रहे डेटा को देखें. ये डेटा लैंडर से भेजा जा रहा होगा.

Also Read : इंजन व सेंसर ना करें काम तो क्या होगा, इसरो चीफ ने चंद्रयान-3 को लेकर कही ये बड़ी बात

रिपोर्ट के मुताबिक, चांद की सतह पर उतरते ही विक्रम लैंडर का एक साइड पैनल मुड़ जाएगा, जिससे प्रज्ञान रोवर के लिए रैंप यानी उतरने के लिए रास्ता खुल जाएगा.

विक्रम को चंद्रमा पर सॉफ़्ट लैंडिंग के हिसाब से बनाया गया है ताकि रोवर को नुक़सान ना पहुँचे. रोवर का नाम प्रज्ञान है. ये छह पहियों वाला रोबोटिक व्हीकल है, जो चंद्रमा पर चलेगा और तस्वीरें लेगा.

प्रज्ञान में इसरो का लोगो और तिरंगा बना हुआ है. चांद की सतह पर उतरने के चार घंटे बाद प्रज्ञान लैंडर से बाहर निकलेगा. प्रज्ञान एक सेंटिमीटर प्रति सेकेंड की रफ़्तार से चांद की सतह पर चलेगा. इस दौरान कैमरों की मदद से प्रज्ञान चांद पर मौजूद चीज़ों की स्कैनिंग करेगा.

प्रज्ञान चांद के मौसम का हाल पता करेगा. इसमें ऐसे पेलोड लगाए गए हैं, जो चांद की सतह के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी. ये इयॉन्स और इलैक्ट्रॉन्स की मात्रा को भी पता लगाएगा.

जैसे-जैसे प्रज्ञान आगे बढ़ेगा, चांद की सतह पर भारतीय तिरंगा और इसरो लोगो बनता चला जाएगा. प्रज्ञान को ऐसे बनाया गया है कि वो चांद की सतह की जानकारी जुटा सके. प्रज्ञान इन जानकारियों को जुटाकर लैंडर तक पहुंचाएगा.

चांद की सतह का अध्ययन करने के लिए लैंडर के पास दो हफ़्तों को समय होगा. प्रज्ञान सिर्फ़ लैंडर से संवाद कर सकता है और ये लैंडर ही होगा, जो धरती पर डाटा भेज रहा होगा.

Also Read : चांद की ओर रवाना हुआ हमारा चंद्रयान, अगले महीने चूमेगा चंद्रमा की सतह

इसरो ने क्या कहा?

इसरो का कहना है कि चंद्रयान-2 ऑर्बिटर का भी कम्युनिकेशन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. सोमवार को चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने लैंडर से सफलतापूर्वक संवाद किया था.

इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा- धरती के 14 दिनों में प्रज्ञान कितनी दूरी तय करेगा, इस बारे में अभी अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता है क्योंकि ये कई चीज़ों के आधार पर किया जाएगा.

विक्रम और प्रज्ञान को एक चंद्र दिवस यानी धरती के 14 दिनों तक काम करना है. अगर इससे ज़्यादा की अवधि तक चंद्रयान-3 को टिकना है तो उसे चांद की ठंडी रात यानी माइनस 238 डिग्री सेल्सियस के साथ सुरक्षित रहना होगा.

इसरो प्रमुख ने कहा है कि ऐसी संभावनाएं हैं कि विक्रम और लैंडर दोनों के पास एक अतिरिक्त लूनर डे होगा.

सोमवार को इसरो प्रमुख ने चंद्रयान-3 से जुड़ी अपडेट्स केंद्र सरकार को दी. इसरो ने बताया कि चंद्रयान-3 का अब तक का सफर सफल रहा है. अगले दो दिनों तक चंद्रयान-3 के हाल पर लगातार नज़र रखी जाएगी.

(बिहारी खबर लाइव की ऐसी और स्टोरीज़ के लिए आप  (यहां क्लिक कर सकते हैं.)