Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद चुनाव में राजद को हुआ फायदा

ताज़ा खबर राजनीति
SHARE

पटना। राज्य के मुख्य विपक्षी दल राजद को इस बार विधान परिषद चुनाव में फायदा हुआ है। राजद ने पिछले चुनाव की तुलना में दो सीटें अधिक प्राप्त की है। पिछले चुनाव में राजद को चार सीटें हासिल हुई थीं, जबकि इस बार उसे छह सीटें मिली हैं। राजद के विधान परिषद में वर्तमान में पांच सदस्य हैं। छह नये सदस्यों के जीत दर्ज करने के बाद विधान परिषद में राजद के सदस्यों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी है। वहीं, कांग्रेस ने स्थानीय प्राधिकार कोटे की एक सीट पिछले चुनाव में जीती थी। इस बार, भी कांग्रेस ने एक सीट हासिल की है। कांग्रेस को इस चुनाव में पूर्व में जीते हुए सीट की हानि नहीं हुई है।

वर्ष 2015 के चुनाव में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के गढ़ छपरा, सीवान व गोपालगंज की सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। इस बार गोपालगंज में भाजपा तो सीवान में राजद ने जीत दर्ज की है। वहीं, छपरा से भाजपा के पिछली बार उम्मीदवार रहे सच्चिदानंद राय ने दोबारा जीत हासिल की, लेकिन वह निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़े थे।

दूसरी ओर, 2015 के चुनाव में जदयू-राजद व कांग्रेस महागठबंधन के उम्मीदवारों ने बेगूसराय, मुजफ्फरपुर व गया की सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर दी थी। इनमें बेगूसराय में भाजपा के रजनीश कुमार व महागठबंधन की ओर से जदयू की मनोरमा देवी गया व दिनेश सिंह मुजफ्फरपुर में विजयी रहे थे। हालांकि, इस बार मुजफ्फरपुर में एनडीए के तहत जदयू ने दोबारा जीत दर्ज की है। गया में राजद के कुमार नागेंद्र को सफलता मिली। वहां उन्होंने जदयू की मनोरमा देवी को हराया।