बिहार : शिक्षकों को जनवरी से मिलेगा बढा हुआ वेतन, हो गई है तैयारी

ताज़ा खबर बिहार
SHARE

Bihar Teachers Salary : (पटना)। बिहार में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 3.57 लाख पंचायतीराज एवं नगर निकाय शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों को चालू जनवरी माह के वेतन से बढ़ी हुई सैलरी की भुगतान की तैयारी है। इसके लिए शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों से जुड़ी जानकारी वेब पोर्टल पर अपलोड है।

वेबपोर्टल पर अपलोड जानकारी में जिन शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों को त्रुटियां दिख रही हैं, सुधार के लिए उनके द्वारा आपत्ति दर्ज की जा रही है। आपत्तियों के निराकरण के बाद शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के पे स्लिप पर अंतिम मुहर लगेगी।

राज्य में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 3.57 लाख पंचायतीराज एवं नगर निकाय शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के मूल वेतन में एक अप्रैल, 2021 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ी हुई राशि में शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के वेतन के निर्धारण के लिए एनआईसी द्वारा ऑनलाइन कैलकुलेटर तैयार किया गया है।

इसके लिए जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से सूचनाओं के संकलन हेतु प्रपत्र तैयार किया गया। प्रपत्र में जिलों के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा सूचना अंकित करने के बाद उसे एनआईसी के वेब पोर्टल पर अपलोड किया गया। इसके लिए 31 दिसंबर तक की ही समय-सीमा तय थी।

उसके बाद उसे मेधासॉफ्ट के माध्यम से शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के अवलोकन के लिए तीन जनवरी को खोला गया। अवलोकन के लिए सात जनवरी तक की ही समय-सीमा तय थी, जो 14 जनवरी तक बढ़ गयी है। जिन शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के मामले त्रुटियां हैं, उसमें सुधार के लिए जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। इसका निराकरण किया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार तय समय-सीमा के तहत विद्यालय के लॉगइन से मेधासॉफ्ट के माध्यम से संबंधित शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों द्वारा पे स्लिप डाउनलोड किया जाना है। इसे दो प्रतियों में तैयार किया जाना है। दो में से एक प्रति सेवा पुस्तिका में चस्पाया जाना है। तय प्रक्रिया के तहत पे स्लिप पर संबंधित शिक्षक-पुस्तकालयाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा हस्ताक्षर किया जाना है।

फिर, प्रारंभिक विद्यालयों के मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालयों के मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) के माध्यम से पे स्लिप (सेवापुस्तिका सहित) जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को दिया जाना है। उनके स्तर से उनके स्तर से अनुमोदित एवं हस्ताक्षरित होने के उपरांत सेवापुस्तिका पर नियोजन इकाई के सदस्य सचिव को अवलोकन कराया जाना है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एक अप्रैल, 2021 से लेकर भुगतान शुरू होने के बीच की बढ़ी हुई राशि शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों को बकाये के रूप में मिलेगी।

विदित हो कि पंचायतीराज एवं नगर निकाय शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों के लिए 5200 से 20200 रुपये के वेतनमान के साथ ग्रेड पे क्रमश: 2000, 2400 एवं 2800 लागू है। यह भी प्रावधान है कि उन्हें समय-समय पर राज्य सरकार के कर्मियों के अनुरूप घोषित महंगाई भत्ता, चिकित्सा भत्ता, मकान किराया भत्ता एवं वार्षिक वेतनवृद्धि देय होंगे। साथ ही ग्रेड पे भी सेवा के दो वर्ष पूरे होने के उपरांत मिलेगा।

इस बीच शिक्षकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों की वर्तमान वेतन संरचना में सुधार के लिए राज्य सरकार ने एक अप्रैल, 2021 के प्रभाव से उनके मूल वेतन में 15 प्रतिशत की वृद्धि का आदेश 29 अगस्त, 2020 को जारी किया था। उसके बाद वेतन निर्धारण की अधिसूचना जारी की गई। उसके जरिए नयी पे मैट्रिक्स अधिसूचित हुई।