कड़ाके की ठंढ से अगले 5 दिनों तक निजात की उम्मीद नहीं,न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट से बढ़ी परेशानी

ताज़ा खबर बिहार
SHARE

Weather Today : (पटना)। बिहार की राजधानी पटना (Patna) समेत पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड व शीतलहरी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य (Bihar) के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान (Temperature) में चार से पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गयी है। हालांकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं दिखा। अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही ठंढ जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिला। यह औसतन 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि अधिकतम पारे में चार से पांच डिग्री की गिरावट देखी गयी। यह औसतन 17 से 19 डिग्री के बीच रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फारबिसगंज में 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिला। रविवार को मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव बना हुआ है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा।

बताया जा रहा है कि पछुआ हवा के कारण राज्य में कनकनी और बढ़ेगी। साथ ही न्यूनतम तापमान में तीन से चार दिनों तक खास बदलाव नहीं होगा। इससे अगले पांच दिनों तक ठंड से निजात नहीं मिलेगी।