Rashtra Geet: बिहार विधानसभा में ‘वंदेमातरम्’ को लेकर बवाल, AIMIM विधायक का राष्ट्रगीत गाने से इंकार

ताज़ा खबर बिहार
SHARE



Rashtra Geet: एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अख्तरुल इमान के विधानसभा में राष्ट्रगीत गाने से इंकार करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र की समाप्ति पर अंतिम दिन राष्ट्रगीत (Uproar In Assembly Over Vande Matram Song) को लेकर जमकर बवाल हुआ।

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने राष्ट्रगीत गाने (National Song Vande Mataram) का विरोध किया और इसको लेकर सवाल खड़े किए। वहीं, दूसरी ओर से बीजेपी ने मोर्चा संभाल लिया है।

बिहार विधानसभा में जैसे ही AIMIM नेता ने वंदेमातरम् गाने पर ऐतराज जताया बीजेपी नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया। इस दौरान सदन में खूब हंगामा हुआ। दरअसल, बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने पर सदन में यह हंगामा (Uproar on National Song Vande Mataram) हुआ।

AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अख्तरुल इमान ने सदन के सत्रावसान पर राष्ट्रगीत गाने से साफतौर से मना कर दिया। उन्होंने सदन के अंदर राष्ट्रगीत के गायन पर सवाल खड़े कर दिए। अख्तरुल इमान ने कहा कि राष्ट्रगीत बाध्यकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, “ये देश 135 करोड़ देशवासियों का देश है। ये देश सेकुलर है। ये देश सबका है। उनको (बीजेपी वालों को) अगर हिन्दू राष्ट्र पसंद है तो वो नेपाल चले जाएं। किसी की मजाल नहीं है कि ये (राष्ट्रगीत) कहलवाए। मैं कह रहा हूं कि भारत में किसी के डंडे का राज नहीं है। भारत किसी की निजी संपत्ति नहीं है। कोई इसे गाता है तो मैं रोक नहीं सकता। एसेंबली में जो हमारे बुजुर्गों ने जो परंपराएं दी हैं उसे निभाना लाजिम है। ये नई परंपरा डाली जा रही है। ये थोपा जा रहा है।”

वहीं, इतना सुनते ही बीजेपी नेताओं ने AIMIM प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल इमान को कटघरे में खड़ा कर दिया। बीजेपी विधायक संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रगीत का सबको सम्मान करना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानी भी बडे़ अदब के साथ राष्ट्रगीत गाते थे। भारत से जिसको प्रेम है वह राष्ट्रगीत जरूर गाएगा।