बड़ी खबर: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन, राज्य में 3 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा

उत्तरप्रदेश ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का शनिवार रात निधन हो गया है। बता दें कि कल्याण सिंह की तबीयत पिछले करीब दो महीने से खराब थी। लखनऊ के एसजीपीजीआई में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।

कल्याण सिंह 89 वर्ष के थे। बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के निधन के बाद सीएम योगी ने अपना गोरखपुर दौरान निरस्त कर दिया था। बता दें कि कल्याण सिंह यूपी के सीएम रहने के अलावा राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं।

कल्याण सिंह की सेहत को देखते हुए सबसे पहले उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार जुलाई को उनकी हालत फिर से बिगड़ती तो यहां से उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया, जहां शनिवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। बता दें पीजीआई में शिफ्ट होने के बाद दिन पर दिन उनका स्वास्थ्य बिगड़ता जा रहा था। डॉक्टर लगातार उनकी देखभाल में लगे थे।
कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी सन् 1932 को अलीगढ़ में अतरौली तहसील के मढ़ौली ग्राम के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ। बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए। कल्याण सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में कड़ी मेहनत कर अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद अध्यापक की नौकरी की। साथ-साथ वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ कर राजनीति के गुण भी सीखते रहे। कल्याण सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में रहकर गांव-गांव जाकर लोगों में जागरूकता पैदा करते रहे।