पति-बेटे के मरने की बात कह डराया फिर झाड़फूंक के बहाने बेहोश कर किया महिला के साथ रेप,आरोपी गिरफ्तार

जिलानामा ताज़ा खबर बिहार
SHARE

मुजफ्फरपुर। इक्कीसवीं सदी में भी देश अंधविश्वास की जकड़न से मुक्त नहीं हो सका है। अंधविश्वास की जड़ें कई लोगों में इतनी गहरी है कि लोग इसके चक्कर में पड़कर अपना नुकसान करा लेते हैं और ढोंगी इसकी आड़ में कई तरह के कुकर्मों को अंजाम दे देते हैं। खासकर अपेक्षाकृत पिछड़े इलाकों में ऐसी घटनाएं अक्सर सामने आती रहतीं हैं। ताजा मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है। यहां के सरैया थाना इलाके में एक झाड़फूंक करने वाले ने झाड़फूंक के चक्कर में फंसा कर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के अनुसार वह मूल रूप से वैशाली की रहने वाली है। फिलहाल वह अपने पति और बच्चों के साथ सरैया में किराए के मकान में रहती है। आरोप है कि झाड़-फूंक और गंडा-ताबीज करने वाला अब्दुल हाफिज, जो करजा थाना क्षेत्र के रक्सा का रहने वाला है, वह घूमते-घामते एक दिन उसके सरैया स्थित किराए के मकान पर पहुंच गया। उसने महिला को डराते हुए कहा कि तुम्हारे परिवार पर भयंकर संकट मंडरा रहा है। तुम्हारा बेटा जल्द मर जाएगा और पति की भी 40 दिन में मौत हो जाएगी। यह सुनकर महिला और उसका पति डर गए। दोनों ने झाड़-फूंक करने वाले अब्दुल हामिद से इससे बचने का उपाय पूछा। तांत्रिक ने कहा कि रात में तंत्र-मंत्र से उपाय करना होगा, तभी यह संकट दूर होगा।

महिला का आरोप है कि तांत्रिक उसे एक कमरे में ले गया। उसने महिला के पति को बाहर रुकने के लिए कह दिया। इसके बाद पति बाहर चला गया। इसके बाद आरोपित ने कमरे की कुंडी बन्द कर काला कपड़ा बिछा दिया। फिर महिला को सामने बैठाया और दोनों हाथ की मुट्ठी बांधने और आंख बंद रखने को कहा। खुद ढोंगी ने पान खा लिया। फिर एक पाउडर महिला के शरीर और चेहरे पर छिड़क दिया। इसके बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद झाड़फूंक करने वाले ढोंगी ने महिला के कपड़े उतार दिए और उसके साथ दुष्कर्म करने लगा।

इसी दौरान महिला को हल्का होश आया तो उसे अपनी स्थिति का अहसास हुआ। उसने ढोंगी को अब्बा कहकर छोड़ देने की गुहार लगाई फिर भी वह नहीं माना। महिला ने चिल्लाकर अपने पति को आवाज दी। फिर वह अंदर आया और पत्नी को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद ढोंगी को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया गया। रविवार को पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। जिसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गयी।