छपरा में बन्ध्याकरण के बाद अचेत हुई महिला की मौत, परिजनों में मातम

जिलानामा ताज़ा खबर बिहार
SHARE

छपरा। सारण जिला के परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बंध्याकरण के दौरान अचेत हुई महिला की मौत हो गई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक महिला बकसंडा निवासी जितेंद्र सिंह की पत्नी बताई जाती है। घटना के संबंध में मृतक महिला के देवर बसंत सिंह कुशवाहा ने बताया कि मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा में सरकारी बंध्याकरण कैम्प में तीन बजे चिकित्सा प्रभारी डॉ सुमन के नेतृत्व में बंध्याकरण ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला अचेत होने लगी।

उन्होंने बताया कि करीब तीन घंटे तक उनकी भाभी अचेत रही।इसके बाद चिकित्सकों द्वारा पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। गंभीर स्थिति में पीएमसीएच में उपचार किया गया।उपचार के दौरान महिला ने बुधवार की अहले सुबह दम तोड़ दिया।महिला की मौत का खबर मिलते ही पति जितेंद्र सिंह,ससुर मोहन सिंह,सास चुनमुन देवी,पुत्री नंदनी कुमारी, पुत्र विशाल कुमार, पुत्री शिवानी कुमारी, रोशनी कुमारी समेत परिजनों को रो रो कर बुरा हाल था।

घटना के उपरांत स्वस्थ्य विभाग द्वारा परिजन को रोगी कल्याण समिति के कोष से तत्काल 50 हजार रुपये देने तथा इसके अलावे चार लाख रुपये उपलब्ध कराने का आश्वसन दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुखिया अभय कुमार गुड्डू पहुँच परिजनों से मुलकात कर घटना की जनकारी लिया। मुखिया ने बताया कि महिला के उपचार में चिकित्सकों द्वारा किये गये लापरवाही की शिकायत डॉ दिलीप कुमार सिंह, सिविल सर्जन से दूरभाष पर किया।और इस घटना को गंभीरता से जांच करने, लापरवाह चिकित्सक पर करवाई करने तथा मृतक महिला के परिजनों को आर्थिक मदद करने की मांग की गई।

स्वास्थ्य प्रबंधक शिव कुमार पासवान ने बताया कि चिकित्सा प्रभारी सुमन कुमार तथा रिद्धि कुमारी द्वारा 17 महिलाओं का ऑपरेशन किया गया था। जिसमे बकसंडा की महिला फूल कुमारी ऑपरेशन के बाद बेहोश होने लगी।चिकित्सको द्वारा जांच कर उपचार किया गया। फिर बेहतर उपचार के लिए सभी सुबिधा के साथ पीएमसीएच रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत होने की बात उन्होंने स्वीकार किया।

इस सम्बंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन के बाद महिला अचेत होने लगी थी।जिसको उपचार के लिए पटना भेजा गया।सीएस के प्रयास से पटना में पूर्ण सुबिधा के साथ उपचार किया जा रहा था लेकिन महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।