Health Tips: एनीमिया शारीरिक व मानसिक क्षमता को करता है प्रभावित, बचाव बेहद जरूरी

कोविड-19 ताज़ा खबर राष्ट्रीय
SHARE

Health Tips: (छपरा)। कोरोना काल में इस बात पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होनी चाहिए। आज की जीवन शैली में एनीमिया एक आम बीमारी हो गई है, लेकिन इसके प्रति लापरवाही जान जोखिम में डाल सकती है। व्यक्ति के शरीर में आयरन की कमी के कारण जब हीमोग्लोबिन का बनना सामान्य से कम हो जाता है। तब शरीर में खून की कमी होने लगती है। इस स्थिति को ही एनीमिया कहा जाता है।

एनीमिया से कैसे करें बचाव

इस बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जीवनशैली बदलने एवं आयरन युक्त आहार का सेवन करने की जरूरत है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (2019-20) के अनुसार जिले में 15 से 49 वर्ष की 59.1 प्रतिशत गर्भवती, 15 से 49 वर्ष की 62.8 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से ग्रसित हैं। एक स्वस्थ्य महिला में हीमोग्लोबिन की मात्रा 12 ग्राम प्रति डेसीलीटर और पुरुषों में 14 ग्राम प्रति डेसीलीटर होनी चाहिए। वहीं जिले में 5 से 59 माह के 69.8 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से शिकार है।

एनीमिया शारीरिक व मानसिक क्षमता को करता है प्रभावित

सारण के सिविल सर्जन डॉ. सागर दुलाल सिन्हा ने बताया कि एनीमिया हमारी शारीरिक व मानसिक क्षमता को प्रभावित करता है। एनीमिया में हीमोग्लोबिन की कमी होती है। हीमोग्लोबिन ही फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर खून में पहुंचाता है। यही कारण है कि शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होने से ऑक्सीजन की कमी होने लगती है और शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती है।

जो भी व्यक्ति अपने खान-पान का ख्याल नहीं रखता है उसे एनीमिया हो सकता है लेकिन महिलाओं में एनीमिया की समस्या अधिक देखने को मिलती है।
हर उम्र के लोग एनीमिया ग्रसित हो सकते हैं।

किशोरावस्था, प्रसव के बाद और रजोनिवृत्ति के समय अधिक खतरा

सीएस डॉ. सागर ने कहा कि वैसे तो बच्चों से लेकर बड़ों तक हर उम्र के लोग एनीमिया ग्रसित हो सकते हैं, लेकिन किशोरावस्था, प्रसव के बाद और रजोनिवृत्ति के बीच की आयु में यह समस्या अधिक देखी जाती है। आमतौर पर ऐसा तब होता है, जब शरीर में लाल रक्त कणों की कोशिकाओं के नष्ट होने की दर उनके निर्माण की दर से अधिक होती है। उन्होंने कहा कि एनीमिया के लक्षण महसूस होने पर तुरंत किसी अच्छे चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

एनीमिया के क्या हैं लक्षण

सांस फूलना, थकावट आना, चक्कर आना, घबराहट, एकाग्रता में कमी और आंखों, हथेलियों व नाखून का रंग पीला होना एनीमिया के प्रमुख लक्षण हैं।


गर्भवती एवं धात्री महिलाएं खान पान का रखें विशेष ध्यान

आज कोरोना के दौर में तो हमें इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए क्योंकि इससे हमारी प्रतिरोधक क्षमता भी कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में कोरोना के संक्रमण की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। हमें ऐसे समय में अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हमें फल व सब्जियों को अच्छी तरह से धोकर खाना चाहिए।

खाना बनाने व खाना खाने से पहले हाथों को साबुन और पानी से अच्छे से धोना चाहिए। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को डाक्टर की सलाह से विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ नीबू, संतरा, आंवले के साथ आयरन की गोलियों का सेवन करना चाहिए।