बिहार में 5 DIG का ट्रांसफर, 7 IAS भी बदले गए, मनु महाराज केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर

ताज़ा खबर बिहार
SHARE

पटना। बिहार के पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार द्वारा पांच प्रक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक का तबादला कर दिया गया है। कोशी, सारण, चंपारण आदि प्रक्षेत्रों में नए डीआईजी की तैनाती की गई है। इससे संबन्धित अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी गई है।
भारतीय पुलिस सेवा के 2005 बैच के अधिकारी और छपरा के रेंज डीआईजी मनु महाराज केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए हैं. उन्हें आईटीबीपी में डीआईजी बनाया गया है। प्रणव कुमार व मनु महाराज के अलावा, ललन मोहन प्रसाद, जितेन्द्र मिश्रा, राजेश त्रिपाठी व रवींद्र कुमार का तबादला हुआ है

जारी अधिसूचना के अनुसार, बेतिया के डीआईजी ललन मोहन प्रसाद को पुलिस उपमहानिरीक्षक कोशी के पद पर सहरसा भेजा गया है। डीआईजी नागरिक सुरक्षा जितेंद्र मिश्रा को डीआईजी गृह रक्षा वाहिनी की कमान दी गई है। राजेश त्रिपाठी को डीआईजी आर्थिक अपराध इकाई बनाया गया है।

डीआईजी निगरानी रविंद्र कुमार को डीआईजी सारण प्रक्षेत्र बनाया गया है। वहीं कोशी प्रक्षेत्र के डीआईजी प्रणव कुमार प्रवीण को पुलिस उपमहानिरीक्षक चंपारण क्षेत्र बेतिया के पद पर पदस्थापित किया गया है।

उधर भारतीय प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारी भी बदले गए हैं। वहीं दूसरी सेवाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए दो अफसरों की भी तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार का तबादला निदेशक, माध्यमिक शिक्षा के पद पर किया गया है। निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद संजय कुमार सिंह का तबादला स्वास्थ विभाग में विशेष सचिव के पद पर किया गया है। एड्स नियंत्रण सोसाइटी के कार्यपालक निदेशक का उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

उद्योग विभाग के विशेष सचिव अमरेन्द्र प्रसाद सिंह को निदेशक, प्राथमिक शिक्षा बनाया गया है। शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरिवर दयाल सिंह का तबादला निदेशक, युवा कल्याण एंव खेल निदेशालय के पद पर किया गया है। निदेशक, प्राथमिक शिक्षा रहे डॉ. रणजीत कुमार सिंह की तैनाती पंचायती राज विभाग के निदेशक के पद पर की गई है। निदेशक, युवा कल्याण एवं खेल निदेशालय डॉ. संजय सिन्हा का तबादला गन्ना उद्योग विभाग में ईंखायुक्त के पद पर किया गया है।