Pew study: अमेरिकी थिंक टैंक सर्वे एजेंसी प्यू की ताजा रिपोर्ट में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में हैरान करने वाले आंकड़े सामने आए हैं। यह रिपोर्ट कहती है कि लगभग दस में से आठ भारतीयों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पॉज़िटिव नजरिया है और वह पीएम को समर्थन करते हैं। साथ ही इस रिपोर्ट में भारत और पीएम मोदी के वैश्विक स्तर पर प्रभाव को लेकर किए गए सर्वे के आंकड़े भी चौंकाने वाले आए हैं। भारत सहित 24 देशों के 30,861 वयस्कों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित सर्वे सामने आया है। यह सर्वे भारत के वैश्विक प्रभाव को जानने के लिए प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा किया गया है।
अध्ययन के अनुसार, 79 फीसदी भारतीय वयस्कों ने पीएम मोदी के काम पर भरोसा जताया है। वहीं, 12 अन्य देशों के 37 फीसदी वयस्कों ने उनके काम की सराहना की। इसके अलावा अधिकतर देश भारत की ओर सकारात्मक रूप से जुड़ रहे हैं। 23 देशों के करीब 46 फीसदी वयस्क भारत के बारे में अच्छे विचार रखते हैं।
प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के इस सर्वे में लगभग 10 में से आठ भारतीय पीएम मोदी के बारे में पॉज़िटिव राय रखते हैं जिनमें से 55 प्रतिशत बहुत बेहतर नजरिया रखते हैं। जबकि केवल पांच भारतीय पीएम मोदी पर यकीन नहीं रखते हैं। लगभग दस में से सात भारतीयों ने कहा कि हाल के वर्षों में देश का प्रभाव मजबूत हो रहा है, जबकि पांच से भी कम लोग सोचते हैं कि यह कमजोर हो रहा है।
इस रिसर्च रिपोर्ट की मानें तो 68% भारतीय वयस्कों का मानना है कि दुनिया में भारत का प्रभाव बढ़ा है। दुनिया के बाकी 23 देशों में जहां ये रिसर्च की गई है वहां रहने वाले 28 प्रतिशत लोगों का ये मानना है कि दुनिया भर में भारत का कद बढ़ा है। दुनिया भर के 12 देशों के 32 प्रतिशत लोगों का मानना है कि पीएम मोदी वैश्विक स्तर पर सही फैसले लेंगे। गौरतलब है, भारत की तरफ अगर किसी देश का सबसे ज्यादा सकारात्मक दृष्टिकोण रहा है तो वो इस्राइल है।
यह सर्वेक्षण भारत समेत दुनिया के कुल 23 अन्य देशों में किया गया है। इस सर्वेक्षण में कुल 30, 861 लोगों की प्रतिक्रिया को शामिल किया गया। इस सर्वे को 20 फरवरी 2023 से लेकर 22 मई 2023 के बीच में पूरा किया गया है।